नीतीश कुमार 10वीं बार CM पद की शपथ आज; गांधी मैदान में शक्ति प्रदर्शन, कैबिनेट पर मंथन तेज
By uday singh saini ‚ Published on 2025-11-20
बिहार की सियासत में आज एक और ऐतिहासिक पल जुड़ने जा रहा है।
एनडीए के विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार गुरुवार को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। बीजेपी के सम्राट चौधरी ने उनका नाम प्रस्तावित किया, जिसे सभी सहयोगी दलों ने समर्थन दिया। चुनाव नतीजों में एनडीए की स्पष्ट बढ़त के बाद नई सरकार के गठन की औपचारिक प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ी।
बुधवार देर शाम पटना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में जेडीयू–बीजेपी नेताओं की अहम बैठक हुई, जिसमें मंत्रिमंडल की संरचना पर विस्तार से चर्चा हुई। जेडीयू की ओर से संजय झा और ललन सिंह, जबकि लोजपा (रामविलास) की तरफ से राजू तिवारी शामिल रहे। संकेत हैं कि भाजपा अपने अधिकांश पुराने चेहरों को बरकरार रखेगी, वहीं लोजपा (आर), रालोसपा और हम से कुछ नए नाम मंत्री बनाए जा सकते हैं। भाजपा ने सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय कुमार सिन्हा को उपनेता चुना है; चर्चाएँ हैं कि दोनों डिप्टी सीएम पद की शपथ ले सकते हैं।
शपथ ग्रहण समारोह आज सुबह 11:30 बजे पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत केंद्र सरकार के कई मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन के लिए दो मंच तैयार किए गए हैं और 150 से अधिक विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।
एनडीए बैठक के बाद नीतीश कुमार राजभवन पहुँचे, जहाँ उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंपते हुए सहयोगी दलों के समर्थन पत्र प्रस्तुत किए और नई सरकार बनाने का दावा किया। सहयोगियों ने भी नेतृत्व पर भरोसा जताया। चिराग पासवान ने कहा कि “नीतीश जी ही नेता होंगे,” जबकि उपेंद्र कुशवाहा ने महिला मतदाताओं के समर्थन और प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश के कामकाज को जीत का आधार बताया। गठबंधन ने जमीनी स्तर पर बेहतर तालमेल का संदेश देकर अपनी एकजुटता भी प्रदर्शित की।